29.3 C
New York
Tuesday, August 4, 2026

गणेश जोशी ने पूर्व सैनिकों से की अपील, सैनिक सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का किया आग्रह  

 

“गणेश जोशी ने पूर्व सैनिकों से की अपील, सैनिक सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का किया आग्रह

“उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती के अवसर पर 1 नवंबर से 9 नवंबर तक प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 6 नवंबर को हल्द्वानी के एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान में सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नैनीताल, उधमसिंह नगर और अल्मोड़ा जिलों के पूर्व सैनिक बड़ी संख्या में प्रतिभाग करेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा हेतु प्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी बुधवार को हल्द्वानी पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान में स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और मंच व अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके उपरांत मंत्री जोशी ने नगर निगम सभागार में सैनिक कल्याण विभाग, नैनीताल जिला प्रशासन, सेना के अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने अल्मोड़ा, उधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों के जिला सैनिक कल्याण अधिकारियों से उनके जिलों से सम्मेलन में आने वाले पूर्व सैनिकों की संख्या और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पूर्व सैनिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर संपर्क किया जाए।

मंत्री जोशी ने कहा कि सैनिक सम्मेलन का उद्देश्य पूर्व सैनिकों, सैनिक विधवाओं और आश्रितों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सम्मेलन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं तथा जिन वीर नारियों को सम्मानित किया जाना है, उन्हें समय से आमंत्रित किया जाए।

उन्होंने कहा कि हल्द्वानी कुमाऊं का द्वार है और यहां सैनिक सम्मेलन का आयोजन होना गर्व की बात है। उत्तराखंड सैन्य बाहुल्य राज्य है, इसलिए सैनिकों के सम्मान में होने वाले कार्यक्रम पूरे देश को एक सकारात्मक संदेश देते हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से कहा कि यह सम्मेलन भव्यता और गरिमा के साथ संपन्न हो।

इस दौरान मंत्री जोशी ने नगर निगम सभागार में जिले के पूर्व सैनिकों और विभिन्न सैनिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी संवाद किया। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर 6 नवंबर को आयोजित सैनिक सम्मेलन को सफल बनाएं।

बैठक में अध्यक्ष जिला पंचायत दीपा दरमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, विधायक लालकुआं मोहन सिंह बिष्ट, महापौर नगर निगम हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट, दायित्वधारी दिनेश आर्य, सचिव सैनिक कल्याण दीपेंद्र चौधरी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, कर्नल पृथ्वीराज (सेना परिसर हल्द्वानी), मेजर आशीष (केआरसी रानीखेत) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles